इस ब्लॉग पर सभी हिंदी विषय अध्ययनार्थी एवं हिंदी विषय अध्यापकों का हार्दिक स्वागत!!! मच्छिंद्र भिसे (हिंदी विषय शिक्षक, कवि, संपादक)

Saturday 30 September 2017

भारतवर्ष का पावन पर्व दशहरे की शुभ कामनाएँ

सभी प्रियजनों को प्यार भरा प्रणाम / नमस्कार,
          आज दशहरे के पावन पर्व का महत्वपूर्ण दिवस, इस शुभ पर्व की आपको एवं आपके अभिभावक और परिजनों को मेरे परिवार और मेरी ओर से बहुत-बहुत शुभकामनाएँ।
          आज का यह शुभ पर्व आपके जीवन में नई उमंग, स्नेह, आत्मविश्वास, जीवन में स्थिरता एवं धन-संपन्नता लेकर आए, ऐसी मंगलकामनाएँ देते हुए आपके स्नेह की अभिलाषा के साथ -
श्री. मच्छिंद्र बापू भिसे 

Sunday 24 September 2017

'आदर्श शिक्षक पुरस्कार'


                सभी को अवगत करते हुए हर्ष हो रहा है कि जनसेवा विचार मंच, संभाजीनगर सातारा द्वारा दिया जानेवाला 'आदर्श शिक्षक पुरस्कार', राष्ट्रपति महोदय के द्वारा सम्मानित एवं महाराष्ट्र राज्य हिंदी अध्यापक महामंडल के उपाध्यक्ष और सातारा जिला हिंदी अध्यापक मंडल के विद्यमान अध्यक्ष श्रीमान ता. का. सूर्यवंशी जी को महान अध्ययनशील तत्ववेत्ता श्रीमान संभाजीराव पाटणे  जी के करकमलो द्वारा प्रदान किया गया।  
        इस बड़ी उपलब्धि के लिए सातारा जिला हिंदी अध्यापक मंडल और हिंदी अध्यापक भाई-बहनों की और से श्रीमान ता.का.सूर्यवंशी जी को बहुत-बहुत बधाइयाँ। 

कक्षा ७वीं तहसील स्तर शिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम

सातारा जिले का कक्षा ७वीं हिंदी सुलभभारती तहसील स्तर शिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम यहाँ दिया है,गौर करें-
दि.२५व२६ सितंबर २०१७ 
१)सातारा-जावली तहसील का-राष्ट्रभाषा भवन,संभाजीनगर,सातारा में 
२)वाई,खंडाला, महाबलेश्वर तहसीला का -द्रविड हाईस्कूल,वाई में 
३)पाटण तहसील का-श्री क्षेत्रपाल विद् यालय,आडूळ में 
४)कराड तहसील का-यशवंत हाईस्कूल,कराड में संपन्न होगा। 
दि.२७व२८ सितंबर२०१७
१)कोरेगाँव तहसील का-दि माॅडर्न इंग्लिश स्कूल,कोरेगाँव में 
२)खटाव तहसील का-छ. शिवाजी हाईस्कूल,वडुज में 
३)माण तहसील का-म. गांधी विद्यालय,दहिवडी में 
४)फलटण तहसील का प्रशिक्षण - मुधोजी हाईस्कूल,फलटण में संपन्न होगा।
** शिक्षक हस्तपुस्तिका कक्षा ७वीं और ८ पी. पी. टी. बंच मात्र खर्च मूल्य में माँग केअनुसार उपलब्ध करा दिए जाएँगे।
*प्रशिक्षण तथा हस्तपुस्तिका संबंधी सूचना सर्वत्र पहुँचाने का सार्वत्रिक उत्तरदायित्व निभाएँ। 

ता. का. सूर्यवंशी
अध्यक्ष, सा.जि.हिंदी अध्यापक .मंडल

Sunday 17 September 2017

लेखक परिचय

हरिकृष्ण देवसरे
परिचय
जन्म : 3 मार्च 1940, नागोद, सतना (मध्य प्रदेश)भाषा : हिंदी
विधाएँ : बाल साहित्य-कविता, कहानी, नाटक, आलोचना लेखक परिचय

मुख्य कृतियाँ
डाकू का बेटा, आल्‍हा-ऊदल, शोहराब-रुस्‍तम, महात्मा गांधी, भगत सिंह, मील के पहले पत्थर, प्रथम दीपस्तंभ, दूसरे ग्रहों के गुप्तचर, मंगलग्रह में राजू, उड़ती तश्तरियाँ, आओ चंदा के देश चलें, स्वान यात्रा, लावेनी, घना जंगल डॉट काम, खेल बच्चे का, आओ चंदा के देश चलें, गिरना स्कायलैब का
संपादन : पराग, बाल साहित्य रचना और समीक्षा

सम्मान
बाल साहित्य भारती (उत्तर प्रदेश हिंदी संस्थान, लखनऊ), 
आचार्य कृष्ण विनायक फड़के बाल साहित्य समीक्षा सम्मान, 
बाल साहित्य पुरस्कार (साहित्य अकादेमी द्वारा), 
कीर्ति सम्मान, 
वात्सल्य पुरस्कार

निधन
14 नवंबर 2013

Wednesday 13 September 2017

१४ सितंबर 'हिंदी दिवस' विशेष

हिंदी भाषा का महत्व
               


       पूरे देश में हर साल 14 सितंबर को हिंदी दिवस के रूप में मनाया जाता है। पहली बार 1953 में इस दिन हिंदी दिवस मनाया गया था। इस विशेष दिन पर हिंदी दिवस मनाने के पीछे एक खास वजह है। इसी दिन 14 सितंबर 1949 को भारत की संविधान सभा में देवनागरी लिपि में लिखी हिंदी को देश की आधिकारिक भाषा के रूप में स्वीकार किया गया था। संविधान सभा ने ही देश का संविधान बनाया है। उस समय व्यवस्था थी कि हिंदी के साथ ही अगले 15 सालों तक अंग्रेजी भी भारतीय गणराज्य की आधिकारिक भाषा रहेगी। उसके उपरांत हिंदी एकमात्र भाषा होगी। हालांकि 1960 के दशक में दक्षिण भारतीय राज्यों खासकर तमिलनाडु हिंदी को एकमात्रा राजभाषा बनाए जाने के हिंसक विरोध हुआ। परिणामस्वरूप अंग्रेजी को सर्वदा के लिए हिंदी के साथ आधिकारिक भाषा का दर्जा प्राप्त हो गया। हिंदी दिवस पर पूरे देश में विशेष कार्यक्रम होते हैं। इनमें भाषण और वाद-विवाद प्रतियोगिताएं भी शामिल हैं। नीचे इस हिंदी दिवस पर दिया जा सकने वाला एक भाषण प्रस्तुत है। पाठक इसका प्रयोग अपन संभाषणों में करने के अलावा इसके आधार पर अपने स्वतंत्र भाषण भी लिख सकते हैं। 

          आज हिंदी का दिन है। हिंदी दिवस। आज ही के दिन हिंदी को संवैधानिक रूप से भारत की आधिकारिक भाषा का दर्जा मिला था। दो सौ साल की ब्रिटिश राज की गुलामी से आजाद हुए देश ने तब ये सपना देखा था कि एक दिन पूरे देश में एक ऐसी भाषा होगी जिसके माध्यम से कश्मीर से कन्याकुमारी तक संवाद संभव हो सकेगा। आजादी के नायकों को इस बात में तनिक संदेह नहीं था कि हिन्दुस्तान की संपर्क भाषा बनने का महती दायित्व केवल और केवल हिंदी उठा सकती है। इसीलिए इस संविधान निर्माताओं ने देवनागरी में लिखी हिंदी को नए देश की आधिकारिक भाषा के रूप में स्वीकार किया। संविधान निर्माताओं ने तय किया था कि जब तक हिंदी वास्तविक अर्थों में पूरे देश की संपर्क भाषा नहीं बना जाती तब तक अंग्रेजी भी देश की आधिकारिक भाषा रहेगी।

          संविधान निर्माताओं का अनुमान था कि आजादी के बाद अगले 15 सालों में हिंदी पूरी तरह अंग्रेजी की जगह ले लेगी। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी हों या देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू, सभी इस बात पर एकमत थे कि ब्रिटेन की गुलामी की प्रतीक अंग्रेजी भाषा को हमेशा के लिए देश की आधिकारिक भाषा नहीं होना चाहिए। लेकिन अंग्रेजों के जाने के बाद भी उनकी “फूट डालो और राज करो” की नीति भाषा के क्षेत्र में चलती रही। हिंदी को एकमात्र आधिकारिक भाषा के खिलाफ उसकी बहनों ने ही बगावत कर दी। उन्होंने एक परायी भाषा “अंग्रेजी” के पक्ष में खड़ा होकर अपनी सहोदर भाषा का विरोध किया। जबकि उनका भय पूरी तरह निराधार था। हिंदी किसी भी दूसरी भाषा की कीमत पर राष्ट्रभाषा नहीं बनना चाहती। देश की सभी राज्य सरकारें अपनी-अपनी राजभाषाओं में काम करने के लिए स्वतंत्र थीं। हिंदी को राष्ट्रभाषा बनाने का विचार परस्पर सह-अस्तित्व पर आधारित था, न कि एक भाषा की दूसरी भाषा की अधीनता पर।

       आजादी के 70 साल बाद भी स्वतंत्रता संग्राम के सेनानियों की वह इच्छा अधूरी है। आज पूरे देश में शायद ही ऐसा कोना हो जहाँ दो-चार हिंदी भाषी न हों। शायद ही ऐसा कोई प्रदेश हो जहाँ आम लोग कामचलाऊ हिंदी न जानते हों। भले ही आधिकारिक तौर पर हिंदी देश की राष्ट्रभाषा न हो केवल राजभाषा हो, व्यावाहरिक तौर पर वो इस देश की सर्वव्यापी भाषा है। ऐसे में जरूरत है हिंदी को उसका वाजिब हक दिलाने की जिसका सपना संविधान निर्माताओं ने देखा था।

      हिंदी को राष्ट्रभाषा बनाने की माँग कमोबेश हर हिंदी भाषी को सुहाती है। लेकिन इसकी आलोचना पर बहुत से लोग मुँह बिचकाने लगते हैं। आज हम हिंदी की ऐसी दो खास समस्याओं पर बात करेंगे जिन्हें दूर किए बिना हिंदी सही मायनों में राष्ट्रभाषा नहीं बन सकती। अंग्रेजी, चीनी, अरबी, स्पैनिश, फ्रेंच इत्यादि के साथ ही हिंदी दुनिया की सबसे ज्यादा बोली जाने वाली भाषाओं में एक है। लेकिन इसकी तुलना अगर अन्य भाषाओं से करें तो ये कई मामलों में पिछड़ी नजर आती है और इसके लिए जिम्मेदार है कुछ हिंदी प्रेमियों का संकीर्ण नजरिया। हिंदी के विकास में सबसे बड़ी बाधा वो शुद्धतावादी हैं जो इसमें से फारसी, अरबी, तुर्की और अंग्रेजी इत्यादि भाषाओं से आए शब्दों को निकाल देना चाहते हैं। ऐसे लोग संस्कृतनिष्ठ तत्सम शब्दों के बोझ तले कराहती हिंदी को “सच्ची हिंदी” मानते हैं।
       जिस भाषा में जितनी मिलावट होती है वो उतनी समृद्धि और प्राणवान होती है। अंग्रेजों को लूट, डकैती, धोती और पंडित जैसे खालिस भारतीय शब्द अपनी भाषा में शामिल करने में कोई लाज नहीं आती लेकिन भारतीय शुद्धतावादी लालटेन, कम्प्यूटर, अस्पताल, स्कूल, इंजन जैसे शब्दों को देखकर भी मुँह बिचकाते हैं जिनका प्रयोग अनपढ़ और गंवई भारतीय भी आसानी से कर लेते हैं। तो हिंदी को राष्ट्र भाषा बनाने के लिए जरूरी है कि वो समस्त भारतीय भाषाओं और अन्य भाषाओं से अपनी जरूरत के हिसाब से शब्दों को लेने में जरा भ संकोच न करे। हम परायी भाषा के शब्दों को हिंदी में जबरन घुसेड़ने की वकालत नहीं कर रहे। लेकिन जो शब्द सहज और सरल रूप से हिंदी में रच-बस गये हों उन्हें गले लगाने की बात कर रहे हैं।

          हिंदी के राष्ट्रभाषा बनने में दूसरी बड़ी दिक्कत है इसका ज्ञान-विज्ञान में हाथ तंग होना। कोई भाषा केवल अनुपम साहित्य के बल पर राष्ट्रभाषा का दायित्व नहीं निभा सकती। भाषा को ज्ञान, विज्ञान, व्यापार और संचार इत्यादि क्षेत्रों के लिए भी खुद को तैयार करना होता है। आज हिंदी इन क्षेत्रों में दुनिया की अन्य बड़ी भाषाओं से पीछे है। गैर-साहित्यिक क्षेत्रों में हिंदी में उच्च गुणवत्ता के चिंतन और पठन सामग्री के अभाव से हिंदी बौद्धिक रूप से विकलांग प्रतीत होती है। आज जरूरत है कि विज्ञान और समाज विज्ञान के विभिन्न क्षेत्रों में हिन्दुस्तानी को बढ़ावा दिया जाए। तभी सही मायनो में हिंदी देश की राष्ट्रभाषा बन सकेगी। अगर इन दो बातों पर पर्याप्त ध्यान दिया जाए तो हिंदी को वैश्विक स्तर पर पहचान और प्रतिष्ठा पाने से कोई नहीं रोक सकेगा। हिंदी दिवस पर आधुनिक हिंदी के जनक माने जाने वाले भारतेंदु हरिश्चंद्र की कालजयी पंक्तियां याद करना समीचीन होगा-

 सिर्फ मातमपुर्सी से काम नहीं चलने वाला। हिंदी भारतवर्ष में राज-काज की भाषा है, हमारे सम्मान की प्रतीक है और सभी प्रांतीय एवं स्थानीय भाषाएं हिंदी की बहनें। भारतवर्ष में बोली जाने वाली समस्त स्थानीय भाषाओं का एक समान आदर-सम्मान हमारा राष्ट्रधर्म होना चाहिए। डॉ। राम मनोहर लोहिया ने प्रत्येक हिंदीभाषी क्षेत्र के निवासी को सलाह दी थी कि वे कम से कम जहां जिस क्षेत्र या प्रदेश में रह रहे हों, वहां की स्थानीय भाषा को सीखें, उसका आदर करें, उसी स्थानीय भाषा को वहां पर बोलचाल में अपनाएं। इसी के साथ समूचे भारत के लोगों को हिंदी अवश्य सीखने की सलाह भी डॉ। लोहिया ने दी थी। आज हिंदी उस जगह पर नहीं है, जहां उसे होना चाहिए था। हिंदीभाषी क्षेत्रों के शहरी इलाक़ों में रहने वाले लोग हिंदी की जगह अंग्रेजी एवं पाश्चात्य सभ्यता को जाने-अनजाने बढ़ावा देते चले आ रहे हैं। हिंदी समूचे राष्ट्र के लिए सम्मान की प्रतीक होनी चाहिए, परंतु ऐसा हो नहीं पा रहा है।

         हम अंग्रेजी भाषा के ज्ञान को कतई ग़लत नहीं मानते। किसी भी भाषा का ज्ञान व्यक्ति के व्यक्तिगत विकास एवं योग्यता के लिए बहुत आवश्यक होता है, लेकिन जब किसी भाषा को किसी देश की मातृभाषा-स्थानीय भाषा पर थोपा जाता है, तब कष्ट होता है। भारत के लोगों को भी चीन, जापान, रूस, फ्रांस एवं स्पेन आदि देशों के लोगों की तरह अंग्रेजी को स़िर्फ एक साधारण भाषा के तौर पर ही लेना चाहिए।

     अंग्रेजों के जाने के पश्चात भी अंग्रेजपरस्त लोगों की गुलाम मानसिकता के कारण आज़ाद भारत में आज भी निज भाषा गौरव का बोध परवान नहीं चढ़ पा रहा है। जगह-जगह यानी हर शहर एवं क़स्बे में अंग्रेजी में लिखे बोर्ड देखकर इस भाषाई पराधीनता की वस्तुस्थिति को समझा जा सकता है। आज की शिक्षा बच्चों के लिए बोझ सदृश्य हो गई है। वर्तमान शिक्षा में अंग्रेजी के अनावश्यक महत्व ने आमजन एवं ग़रीबों के बच्चों के विकास को बाधित कर रखा है। जो ग़रीब का बच्चा, आम आदमी का बच्चा हिंदी या अपनी किसी अन्य मातृभाषा में शिक्षा ग्रहण करता है, उसे अपने आप शैक्षिक रूप से पिछड़ा मान लिया जाता है। अंग्रेजी भाषा का झुनझुना उसके हाथों में पकड़ा कर उसके बोल कानों में जबरन डाले जाते हैं। वह बेबस बच्चा दोहरी पढ़ाई करता है यानी एक तो शिक्षा ग्रहण करना और दूसरे पराई भाषा को भी पढ़ना। उस पर अंग्रेजपरस्त लोगों का यह कहना कि अंग्रेजी एक वैश्विक भाषा है, इसका महत्व किसी भी स्थानीय भाषा के महत्व से ज़्यादा है, गुलाम मानसिकता का द्योतक है। इसी गुलाम मानसिकता वाले अंग्रेजपरस्त लोगों ने अंग्रेजी भाषा को आज प्रतिष्ठा का विषय बना लिया है। जबकि सत्य यह है कि आज लोग इस भ्रम में अपने बच्चों को अंग्रेजी की शिक्षा दिलाना चाहते हैं कि अंग्रेजी सीखने के बाद जीविका के तमाम अवसर मिल जाएंगे। दरअसल किसी भी भाषा के बढ़ने के कारकों में सर्वाधिक महत्वपूर्ण बात यह हो गई है कि उस भाषा का प्रत्यक्ष लाभ आदमी को रोजी-रोटी कमाने में मिले। जिस भाषा से ज्ञान और शिक्षा को संगठित करके रोज़गारपरक बना दिया जाता है, वह भाषा आमजन के मध्य लोकप्रिय होती जाती है। आज भारत की भाषाओं पर एक सोची-समझी रणनीति के तहत अंग्रेजी थोप दी गई है। जीविका को अंग्रेजी भाषा का आश्रित बनाकर भारत के लोगों को मानसिक तौर पर गुलाम बना लिया गया है। आज पूरे विश्व में भारत ही एकमात्र ऐसा देश है, जहां के निवासियों को अपनी भाषा में बातचीत करने या लिखने-पढ़ने में भी शर्म आने लगी है। भारत के मूल निवासी अधकचरी अंग्रेजी बोलने में गर्व महसूस करते हैं। 
        हम अंग्रेजी भाषा के ज्ञान को कतई ग़लत नहीं मानते। किसी भी भाषा का ज्ञान व्यक्ति के व्यक्तिगत विकास एवं योग्यता के लिए बहुत आवश्यक होता है, लेकिन जब किसी भाषा को किसी देश की मातृभाषा-स्थानीय भाषा पर थोपा जाता है, तब कष्ट होता है। भारत के लोगों को भी चीन, जापान, रूस, फ्रांस एवं स्पेन आदि देशों के लोगों की तरह अंग्रेजी को स़िर्फ एक साधारण भाषा के तौर पर ही लेना चाहिए। भाषा ज्ञान का पर्यायवाची नहीं होती है। कोई भी राष्ट्र अपनी भाषा में तऱक्क़ी के बेमिसाल मापदंड स्थापित कर सकता है, इसके जीवंत उदाहरण जापान, अमेरिका एवं चीन आदि देश हैं।


निज भाषा उन्नति अहै, सब उन्नति को मूल। बिन निज भाषा-ज्ञान के, मिटत न हिय को सूल।। 

जय हिंद, जय हिंदी, जय हिंदुस्थान, जय भारत - भारती 


संकलित 

शुभोदय,
सभी हिंदी अध्यापक भाई-बहनो, हिंदी प्रेमियो, हिंदी के प्रचार-प्रसारक एवं हिंदी के मेरे छोटे नौजवानो (छात्रो) !  आप सभी को हिंदी दिवस के अवसर पर बहुत-बहुत शुभकामनाएँ।
   आज समूचे मेरे भारत देश में हिंदी दिवस का पावन पर्व मनाया जा रहा है।  हिंदी मात्र एक भाषा नहीं हैं तो करोडो भारतीय एवं विदेशियों के हृदयाधिनिस्त जगह निर्माण की हुई समूचे अंतर्राष्ट्रीयहिंदी प्रेमियों के दिलों की धड़कन है। यह भारत-भारती को मधुर एवं गरिमा के साथ जोड़ती है। हम सभी इसका मान-सम्मान बढ़ाने,  उसके प्रचार-प्रसार हेतु एक कदम आगे बढ़ाए क्योंकि यह मेरी, अपनी-आपकी की भाषा है। चलो इसे अपनाते हुए एक-एक मोती इसमें जोड़ दिए जाते है ।

हिंदी है अपनी बोली,
बोली से भी मीठी गोली,
भर देती है समूचे जीवन में मिठास,
ऐसा है मेरी राष्ट्रभाषा के प्रति आत्मविश्वास।

एक दिन आएगा,
समूचा भारत देश इसे अपनाएगा,
चलो हिंदी की बागडौर थाम ले,
अपने जीवन का उत्थान कर ले।

गाते रहेंगे हमेशा हिंदी के गुणगान,
हिंदी है समूचे विश्व में महान,
प्यार करते हैं हम उससे खुद से ज्यादा,
कभी नहीं झुकने देंगे हिंदी का सिर, करते हैं हम सभी से वादा।

हिंदी दिवस की फिर से एक बार बहुत शुभकामनाएँ

- मच्छिंद्र बापू भिसे
ज्ञानदीप इंग्लिश मीडियम स्कूल, पसरणी 

Friday 8 September 2017

अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस ८ सितंबर

अन्तर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस (अंग्रेज़ी: International Literacy Day) विश्व में 8 सितंबर
को मनाया जाता है। वर्तमान युग में शिक्षा बहुत ज़रूरी है। शिक्षा के बिना किसी कार्यक्रम का नियोजन सम्भव नहीं है। शिक्षा हमारे जीवन का आवश्यक अंग है। सरकार सर्वशिक्षा अभियान चलाकर प्रत्येक व्यक्ति को साक्षर बनाने के लिए विभिन्न योजनायें संचालित कर रही है। एक व्यक्ति का शिक्षित होना उसके स्वयं का विकास है, वहीं एक बालिका शिक्षित होकर पूरे घर को संवार सकती है। जब देश का हर नागरिक साक्षर होगा तभी देश की तरक़्क़ी हो सकेगी। 

तात्पर्य
साक्षरता का तात्पर्य सिर्फ़ पढ़ना-लिखना ही नहीं बल्कि यह सम्मान, अवसर और विकास से जुड़ा विषय है। दुनिया में शिक्षा और ज्ञान बेहतर जीवन जीने के लिए ज़रूरी माध्यम है। आज अनपढ़ता देश की तरक़्क़ी में बहुत बड़ी बाधा है। जिसके अभिशाप से ग़रीब और ग़रीब होता जा रहा है।


उद्देश्य
साक्षरता दिवस का प्रमुख उद्देश्य नव साक्षरों को उत्साहित करना है। अन्तर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस हमारे लिये अहम दिवस है, क्योंकि हमारे जीवन में शिक्षा का बहुत अधिक महत्त्व है। हमारे देश में पुरुषों की अपेक्षा महिला साक्षरता कम है। हमें आज के दिन यह संकल्प लेना होगा कि हर व्यक्ति साक्षर बनें, निरक्षर कोई न रहे। हमें अपने यहाँ से निरक्षता को भगाना होगा।


शैक्षिक इतिहास
भारत का शैक्षिक इतिहास अत्यधिक समृद्ध है। प्राचीन काल में ऋषि-मुनियों द्वारा शिक्षा मौखिक रूप में दी जाती थी। शिक्षा का प्रसार वर्णमाला के विकास के पश्चात भोज पत्र और पेड़ों की छालों पर लिखित रूप में होने लगा। इस कारण भारत में लिखित साहित्य का विकास तथा प्रसार होने लगा। देश में शिक्षा जन साधारण को बौद्ध धर्म के प्रचार के साथ-साथ उपलब्ध होने लगी। नालन्दा, विक्रमशिला और तक्षशिला जैसी विश्व प्रसिद्ध शिक्षा संस्थानों की स्थापना ने शिक्षा के प्रचार में अहम भूमिका निभाई। लोगों में व्यावसायिक कौशल विकसित करने के लिए साक्षरता एक बड़ी ज़रूरत है।


शिक्षा का प्रसार
भारत में अंग्रेज़ों के आगमन से यूरोपीय मिशनरियों ने अंग्रेज़ी शिक्षा का प्रचार किया। इसके बाद से भारत में पश्चिमी पद्धति का निरन्तर प्रसार हुआ है। वर्तमान समय में भारत में सभी विषयों के शिक्षण हेतु अनेक विश्वविद्यालय और उनसे जुड़े़ हजा़रों महाविद्यालय हैं। भारत ने उच्च कोटि की उच्चतर शिक्षा प्रदान करने वाले विश्व के अग्रणी देशों में अपना स्थान बना लिया है।


शुल्क में वृद्धि
शिक्षा के शुल्क में अनेक कारणों से (विशेष रूप से व्यावसायिक शिक्षा) निरन्तर वृद्धि हो रही है। इस कारण ग़रीब परिवार के बच्चों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने में कठिनाई होने लगी है।


साक्षर भारत
पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने देश की सभी महिलाओं को अगले पाँच सालों में साक्षर बनाने के लक्ष्य के साथ अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस के मौके पर महिलाओं के लिए विशेष तौर पर ‘साक्षर भारत’ मिशन का शुभारंभ किया था। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने उम्मीद जताई थी कि ‘साक्षर भारत’ मिशन, राष्ट्रीय साक्षरता मिशन से भी ज़्यादा सफल साबित होगा। उन्होंने कहा था कि- "देश की एक तिहाई आबादी निरक्षर है। देश की आधी महिलाएं अभी भी पढ़-लिख नहीं सकतीं। साक्षरता के मामले में हम विश्व में सबसे पिछड़े देशों में शुमार हैं।"

प्रधानमंत्री ने कहा कि- "अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अल्पसंख्यक और अन्य वंचित व पिछड़े वर्गो की महिलाओं का साक्षर न होना हमारे लिए बहुत बड़ी चुनौती है और हमें इस चुनौती से पार पाना होगा। यदि हमें सभी नागरिकों को सशक्त करना है और तेज़ी से विकास करना है तो देश को पूरी तरह से साक्षर करना होगा। जिस ‘साक्षर भारत’ मिशन की आज हम शुरुआत कर रहे हैं वह साक्षरता के प्रति हमारी राष्ट्रीय प्रतिबद्धता को ज़ाहिर करता है। यह मिशन ख़ासकर महिलाओं में साक्षरता की दर बढ़ाने की हमारी कोशिश में मददगार साबित होगा।"

उन्होंने कहा कि- "साक्षरता के मामले में आज़ादी के बाद से हमने लगातार वृद्धि की है। वर्ष 1950 में साक्षरता की दर 18 फ़ीसदी थी, जो वर्ष 1991 में 52 फ़ीसदी और वर्ष 2001 में 65 फ़ीसदी पहुँच गयी।"
साक्षरता अभियानभारत भी बन सकता है, शत प्रतिशत साक्षर

साक्षरता दिवस का दिन हमें सोचने को मजबूर करता है, कि हम क्यो 100% साक्षर नहीं हैं। यदि केरल को छोड़ दिया जाए तो बाकि राज्यों की स्थिति बहुत अच्छी नहीं कही जा सकती है। सरकार द्वारा साक्षरता को बढ़ने के लिए सर्व शिक्षा अभियान, मिड दे मील योजना, प्रौढ़ शिक्षा योजना, राजीव गाँधी साक्षरता मिशन आदि न जाने कितने अभियान चलाये गये, मगर सफलता आशा के अनुरूप नहीं मिली। मिड दे मील में जहाँ बच्चो को आकर्षित करने के लिए स्कूलों में भोजन की व्यवस्था की गयी, इससे बच्चे स्कूल तो आते हैं, मगर पढ़ने नहीं खाना खाने आते हैं। शिक्षक लोग पढ़ाई की जगह खाना बनवाने की फिकर में लगे रहते हैं। हमारे देश में सरकारी तौर पर जो व्यक्ति अपना नाम लिखना जानता है, वह साक्षर है। आंकड़े जुटाने के समय जो घोटाला होता है, वो किसी से छुपा नहीं है। अगर सही तरीक़े से साक्षरता के आंकडे जुटाए जाए तो देश में 64.9% लोग शायद साक्षर न हो। सरकारी आंकडो पर विश्वास कर भी लिया जाए तो भारत में 75.3% पुरुष और 53.7% महिलायें ही साक्षर हैं।
साक्षर कैसे बने

भारत 100% साक्षर कैसे बने। भारत में सबसे ज़्यादा विश्वविद्यालय है। हमारे देश में हर साल लगभग 33 लाख विद्यार्थी स्नातक होते हैं। उसके बाद बेरोज़गारों की भीड़ में खो जाते हैं। हम हर साल स्नातक होने वाले विद्यार्थियो का सही उपयोग साक्षरता को बढ़ाने में कर सकते हैं। स्नातक के पाठ्यक्रम में एक अतिरिक्त विषय जोड़ा जाए, जो सभी के लिए अनिवार्य हो। इस विषय में सभी छात्रों को एक व्यक्ति को साक्षर बनाने की ज़िम्मेदारी लेनी होगी। शिक्षकों के द्वारा इसका मूल्यांकन किया जाएगा। अन्तिम वर्ष में मूल्यांकन के आधार पर अंकसूची में इसके अंक भी जोड़े जाए। इससे हर साल लगभग 33 लाख लोग साक्षर होंगे। वो भी किसी सरकारी खर्च के बिना।

भारतकोश से संकलित