इस ब्लॉग पर सभी हिंदी विषय अध्ययनार्थी एवं हिंदी विषय अध्यापकों का हार्दिक स्वागत!!! मच्छिंद्र भिसे (हिंदी विषय शिक्षक, कवि, संपादक)

Friday 2 March 2018

जमशेदजी नुसीरवानजी टाटा - जन्म- 3 मार्च, 1839,गुजरात; मृत्यु- 19 मई, 1904, जर्मनी

                      जमशेदजी नुसीरवानजी टाटा (अंग्रेज़ी: Jamsetji Tata, जन्म- 3 मार्च, 1839,गुजरात; मृत्यु- 19 मई, 1904, जर्मनी) भारत के विश्व प्रसिद्ध औद्योगिक घराने "टाटा समूह" के संस्थापक थे। भारतीय औद्योगिक क्षेत्र में जमशेदजी ने जो योगदान दिया, वह असाधारण और बहुत ही महत्त्वपूर्ण माना जाता है। उन्होंने भारतीय औद्योगिक विकास का मार्ग ऐसे समय में प्रशस्त किया था, जब उस दिशा में केवल यूरोपीय, विशेष रूप से अंग्रेज़ ही कुशल समझे जाते थे। इंग्लैण्ड की अपनी प्रथम यात्रा से लौटकर जमशेदजी टाटा ने चिंचपोकली की एक तेल मिल को कताई-बुनाई मिल में परिवर्तित करके औद्योगिक जीवन का सूत्रपात किया था। टाटा साम्राज्य के जनक जमशेदजी द्वारा किए गये अनेक कार्य आज भी लोगों को प्रेरित एवं विस्मित करते हैं। भविष्य को भाँपने की अपनी अद्भुत क्षमता के बल पर ही उन्होंने एक स्वनिर्भर औद्योगिक भारत का सपना देखा था। उन्होंने वैज्ञानिक एवं तकनीकी शिक्षा के लिए बेहतरीन सुविधाएँ उपलब्ध करायीं और राष्ट्र को महाशक्ति बनने के मार्ग पर अग्रसर किया।

जन्म तथा शिक्षा
            जमशेदजी टाटा का जन्म सन 3 मार्च, 1839 में गुजरात के एक छोटे-से कस्बे नवसेरी में हुआ था। उनका परिवार पारसी पुजारियों का था। उनके पिता का नाम नुसीरवानजी तथा माता का नाम जीवनबाई टाटा था। पारसी पुजारियों के अपने ख़ानदान में नुसीरवानजी पहले व्यवसायी व्यक्ति थे। जमशेदजी का भाग्य उन्हें मात्र चौदह वर्ष की अल्पायु में ही पिता के साथ बंबई (वर्तमान मुम्बई) ले आया। यहाँ उन्होंने व्यवसाय में क़दम रखा। जमशेदजी अपनी छोटी नाज़ुक उम्र में ही पिता का साथ देने लगे थे। सत्रह वर्ष की आयु में जमशेदजी ने 'एलफ़िंसटन कॉलेज', मुम्बई में प्रवेश ले लिया। इसी कॉलेज से वे दो वर्ष बाद 'ग्रीन स्कॉलर' के रूप में उत्तीर्ण हुए। तत्कालीन समय में यह उपाधि ग्रेजुएट के बराबर हुआ करती थी। कुछ समय बाद इनका विवाह हीरा बाई दबू के साथ हो गया।

भारत में उच्च शिक्षा के पक्षधर
            सन 1893 में बुद्ध स्वरूप स्वामी विवेकानन्द की शक्ति जब अमेरिका में प्रज्ज्वलित हुई तो 'शिकागो विश्वधर्म महासम्मेलन' के माध्यम से उस समय जमशेदजी भी उनकी तरफ़ आकृष्ट हुए थे। भारत में आने के बाद जब भारतीयों ने उन्हें श्रद्धा के सर्वोच्च स्थान पर बैठाया, तब भी स्वामीजी के प्रभाव से जमशेदजी अछूते नहीं रहे। उसके बाद उनके जीवन में अचानक एक बदलाव आया। वह भारत में स्नातकोत्तर शिक्षा के लिए एक प्रतिष्ठान स्थापित करने के उद्देश्य से किसी एक उपयुक्त रूप से सुसंगठित कमेटी के हाथों कुछ भू-सम्पत्ति देना चाहते थे। उन्होंने भारत में विश्वविद्यालय शिक्षा की अग्रगति हेतु विचार करना शुरू किया। उन्होंने देश में छात्रों के शोध-कार्य हेतु शोध संस्थाओं की स्थापना एवं उसके लिए ग्रंथागारों की व्यवस्था, जहाँ पर छात्र प्रख्यात शिक्षकों के अधीनस्थ शोध कार्य कर सकें, आदि पर गहरा चिंतन प्रारंभ किया। अपने उपरोक्त प्रस्ताव के पूर्व उन्होंने यूरोप में प्राथमिक खोज-खबर ले ली थी तथा इंग्लैण्ड एवं अन्य विश्वविख्यात वैज्ञानिकों से सलाह मशवरा भी कर लिया था। जमशेदजी का यह प्रस्ताव उस समय आया, जब अंग्रेज़ शासित भारत में शिक्षा के प्रसार पर अंकुश लगाने की सरकारी व्यवस्था हो रही थी। भारत के शिक्षित समुदाय में जमशेदजी का यह प्रस्ताव गंभीर चिंतन का विषय बना। सचमुच यह एक साहसी कदम था।
अंग्रेज़ों की चाल
      अंग्रेज़ भारत में उच्च शिक्षा के ख़िलाफ़ थे। वे अपना काम चलाने तक ही लोगों की शिक्षा को सीमित रखना चाहते थे। मौलिकता के साथ उस शिक्षा का कोई संबंधी नहीं था। देश की संपदा वृद्धि से भी इसका कोई सरोकार नहीं था। इन परिस्थितियों में जमशेदजी उच्च शिक्षा के लिए अर्थ सहायता देकर एक बहुत बड़ा साहसी कदम उठाने जा रहे थे, जिसे शिक्षित समाज ने काफ़ी सराहा। लेकिन जमशेदजी के इस प्रस्ताव को रोकने के लिए तत्कालीन अंग्रेज़ सरकार बहुत ही चालाकीपूर्ण एवं निम्नश्रेणी के रवैये अपनाने से नहीं चूकी। लॉर्ड कर्ज़न ने जमशेदजी के इस प्रस्ताव के प्रति अपनी पूर्ण सहानुभूति जताते हुए कई मामलों में इसे सफल होने में संदेह जाहिर किया, जैसे- इसके लिए यथेष्ठ छात्र मिलेंगे या नहीं, शिक्षा समाप्ति के उपरान्त उन लड़कों को नौकरी मिलेगी या नहीं इत्यादि। सरकारी विरोध से जमशेदजी को बहुत धक्का लगा। सरकारी तौर पर इसमें और अधिक अर्थ की आवश्यकता बताई गई। अंत में हारकर जमशेदजी ने इस प्रस्ताव को वापस लेने पर विचार शुरू कर दिया, जबकि देश के सारे बुद्धिजीवी निराश होकर आंर्तनाद करने लगे, क्योंकि उनकी दृष्टि में भारत का विकास प्रौद्योगिक विकास पर बहुत हद तक आधारित था।
         स्वामी विवेकानन्द जमशेदजी के इस प्रस्ताव के बहुत ही आग्रही थे। वह व्याकुलता से अपने जीवन स्वप्न को रूपायित होते देखना चाह रहे थे। वह जानते थे कि इस देश का उत्थान केवल कृषि से ही संभव नहीं है, बल्कि औद्योगिकीकरण की भी आवश्यकता है। वह देश में शिल्प उद्योगों की स्थापना करना चाहते थे। वह सन्न्यासियों का एक दल बनाकर इस कार्य को आगे बढ़ाना चाहते थे, ताकि देश की जनता की आर्थिक दशा सुधरे। अमेरिका भारत में प्रचार के लिए धर्म शिक्षकों को न भेजकर शिल्प शिक्षकों को भेजे, आधुनिक भारतवर्ष में सामाजिकता एवं शिल्प शिक्षा की आवश्यकता है, ऐसा स्वामीजी ने अमेरिका में कहा था। हो सकता है कि स्वामीजी ने अपनी यात्रा के दौरान देश हितैषी व्यवसायी जमशेदजी को भारत में शिल्प-शिक्षा प्रदान करने की अपनी कल्पना से पूर्णरूपेण अवगत कराया हो और उसी के प्रभाव से जमशेदजी ने रिसर्च इंस्टीट्यूट खोलने की परिकल्पना की हो।
जमशेदजी का पत्र

          विवेकानन्द जी के साथ पाँच वर्ष पूर्व हुई अपनी मुलाकात को ताजा करते हुए जमशेदजी टाटा ने उन्हें 23 नवम्बर, 1898 को एक पत्र लिखा था कि- "भारत में वैज्ञानिक शोध हेतु एक शोध संस्थान खोलने संबंधी मेरी परिकल्पना से आप अवश्य अवगत होंगे। इस संदर्भ में मैं आपके चिन्तन एवं भावधारा में जाने की बात गहराई से सोच रहा हूँ। मुझे ऐसा लगता है कि कुछ त्यागव्रती मनुष्य यदि आश्रम जैसे आवासीय स्थल में अनाडंबर जीवन यापन कर, प्राकृतिक एवं मानविक विज्ञान की चर्चा में अपने जीवन को उत्सर्ग कर दें तो इससे बड़ा त्याग का आदर्श और दूसरा नहीं हो सकता।" जमशेदजी ने यह समझा था कि उनकी परिकल्पना सिर्फ़ पैसे से साकार नहीं हो सकती, मनुष्य चाहिए और इस संबंध में मनुष्यों का आह्वान कर उन्हें जगाने में स्वामीजी ही सक्षम हो सकते हैं। अत: जनसाधारण के उन्नयन के लिए उन्होंने स्वामीजी से अग्निमय वाणी संकलित कर एक पुस्तिका के रूप में प्रकाशित करने का आग्रह किया था, जिसका पूरा व्यय वह देने को तैयार थे।[3]
सर्वधर्म प्रेमी
             इस्पात कारखाने की स्थापना के लिए स्थान का अंतिम रूप से चयन होने के ठीक पाँच साल पहले ही यानी 1902 में उन्होंने विदेश से अपने पुत्र दोराब को लिखा था कि- "उनके सपनों का इस्पात नगर कैसा होगा"। उन्होंने लिखा था कि- "इस बात का ध्यान रखना कि सड़कें चौड़ी हों। उनके किनारे तेजी से बढ़ने वाले छायादार पेड़ लगाये जाएँ। इस बात की भी सावधानी बरतना कि बाग़-बगीचों के लिए काफ़ी जगह छोड़ी जाये। फुटबॉल, हॉकी के लिए भी काफ़ी स्थान रखना। हिन्दुओं के मंदिरों, मुस्लिमों की मस्जिदों तथा ईसाईयों के गिरजों के लिए नियत जगह मत भूलना।"
मृत्यु
       जमशेदजी टाटा ने 19 मई, 1904 को जर्मनी के बादनौहाइम में अपने जीवन की अंतिम साँसें लीं। अपने आखिरी दिनों में पुत्र दोराब और परिवार के नजदीकी लोगों से उन्होंने उस काम को आगे बढ़ाते रहने के लिए कहा, जिसकी उन्होंने शुरुआत की थी। उनके योग्य उत्तराधिकारियों ने काम को सिर्फ़ जारी ही नहीं रखा, बल्कि उसे फैलाया भी। जमशेदजी की मृत्यु के बाद सर दोराब टाटा, उनके चचेरे भाईजे. आर. डी. टाटा, बुरजोरजी पादशाह और अन्य लोगों ने टाटा उद्योग को आगे बढ़ाया। जमशेदजी ने कहा था कि- "अगर किसी देश को आगे बढ़ाना है तो उसके असहाय और कमज़ोर लोगों को सहारा देना ही सब कुछ नहीं है। समाज के सर्वोत्तम और प्रतिभाशाली लोगों को ऊँचा उठाना और उन्हें ऐसी स्थिति में पहुँचाना भी ज़रूरी है, जिससे कि वे देश की महान् सेवा करने लायक़ बन सकें।

विनम्र अभिवादन !!!

No comments:

Post a Comment