इस ब्लॉग पर सभी हिंदी विषय अध्ययनार्थी एवं हिंदी विषय अध्यापकों का हार्दिक स्वागत!!! मच्छिंद्र भिसे (हिंदी विषय शिक्षक, कवि, संपादक)

Sunday, 22 July 2018

'हिंदी लोकभारती कृतिपुस्तिका' विमोचन और वितरण समारोह

सादर नमन, 
               सभी हिंदी अध्यापक भाई-बहन, विद्यार्थी एवं अभिभावकों को बताते हुए हर्ष हो रहा हैं कि इस वर्ष कक्षा १०वीं पुनर्रचित पाठयपुस्तकें समय पर मिली व शासकीय प्रशिक्षण कार्यक्रम भी समय पर संपन्न हुआ। वर्ष २०१७ में मूल्यमापन पद्धति में परिवर्तन किया गया। कक्षा १० वीं भाषा विषयों के मूल्यमापन में प्रश्नपत्रिका की जगह कृतिपत्रिका को स्थान देकर ज्ञानरचनावाद को बढ़ावा देने की नीव महाराष्ट्र राज्य शिक्षा विभाग की ओर से रखी और सभी ने उसे स्वीकार कर अध्ययन और अध्यापन पद्धतियों में सुयोग्य परिवर्तन किया। 
           वर्ष २०१८ में पुनर्रचित पाठ्यक्रम के साथ मूल्यमापन पद्धति में भी परिवर्तन किया गया।  भाषा विषयों की कृतिपत्रिका ८० अंकों के बदले १०० अंकों की होगी। प्रशिक्षण कार्यक्रम के बाद महाराष्ट्र राज्य हिंदी अध्यापक महामंडल के अधिकारी एवं सदस्यों को कक्षा १० वीं को अध्यापन करने वाले बहुत से  अध्यापकों ने निवेदन रखा कि कक्षा १० वीं के छात्रों एवं अध्यापकों की सुलभता के लिए 'हिंदी लोकभारती कृतिपुस्तिका' का निर्माण किया जाए। इस बात का महत्त्व जानकार 'महाराष्ट्र राज्य हिंदी अध्यापक महामंडल' के मार्गदर्शन एवं कक्षा १० वीं को प्रत्यक्ष अध्यापन करने वाले अध्यापक एवं हिंदी विषय तज्ञों की सहायता से 'लोकभारती कृतिपुस्तिका का निर्माण किया गया।


               आज दिनांक २२ जुलाई २०१८ के दिन हिंदी महामंडल की सभा में 'हिंदी द्वितीय भाषा : संपूर्ण - लोकभारती कृतिपुस्तिका' किताब का औपचारिक विमोचन कार्यक्रम 'राष्ट्रभाषा भवन, सातारा' में महामंडल के अधिकारी, सदस्य एवं हिंदी अध्यापकों की उपस्थिति में संपन्न हुआ और छात्र एवं अध्यापकों के लिए इसके वितरण हेतु आवाहन किया गया। 



कृतिपुस्तिका की विशेषताएँ :
१. माध्यमिक शालांत परीक्षा प्रारूप के अनुसार निर्माण
२. कृतिपत्रिका प्रारूप के अनुसार कृतियों का चयन 
३. पठित परिच्छेद - लगभग ४० : कृतिपत्रिका के प्रारूप के अनुसार कृतियाँ 
४. अपठित परिच्छेद - लगभग १३ कृतियों सहित और अभ्यासार्थ १० अपठित परिच्छेद 
५. पठित पद्यांश - लगभग २५ : कृतिपत्रिका के प्रारूप के अनुसार कृतियाँ 
६. अपठित पद्यांश - लगभग १० और अभ्यासार्थ ६ अपठित पद्यांश 
७. पूरक पठन - लगभग ३० 
८. कृतिपत्रिका प्रारूप 
९. नमूना कृतिपत्रिका उत्तरसाहित और ४ अभ्यासार्थ कृतिपत्रिका 
१०. भाषा अध्ययन (व्याकरण) के कक्षा १० वीं के ११ घटकों का व्यावहारिक समर्पक विवरण लगभग ३० पृष्ठ 
११. कृतिपत्रिकाओं के निर्माण में सहायक 
१२. कुल मिलाकर २०४ पृष्ठों की कृतिपुस्तिका 

               मुझे विश्वास हैं कि विद्यार्थियों को हिंदी विषय के अध्ययन के लिए यह कृतिपुस्तिका बहुत ही लाभदायक सिद्ध होगी। यदि विद्यार्थी पाठ्यपुस्तक और इस कृतिपुस्तिका के सूक्ष्म अध्ययन के बाद माध्यमिक शालांत परीक्षा में सर्वोच्च अंक पाएगा इसमें कोई दो राय नहीं हैं। 
              मैं सभी हिंदी अध्यापक भाई-बहन, विद्यार्थी एवं अभिभावकों को आवाहन करता हूँ कि इस कृतिपुस्तिका को प्राप्त कर हिंदी लोकभारती अध्ययन - अध्यापन को लेकर विद्यार्थियों को सही दिशा निर्देश प्रदान करें। इसी अभिलाषा के साथ -
आपका 
मच्छिंद्र भिसे 

विशेष सूचना :
हिंदी लोकभारती कृतिपुस्तिका प्राप्ति हेतु विद्यार्थी, अध्यापक एवं अभिभावक इन्हें संपर्क करें -
१. महामंडल से जुड़े विभिन्न जिलों के इच्छुक जिला अध्यक्ष एवं तहसील कार्यकारणी सदस्य 
२. सातारा जिला के इच्छुक अपने-अपने तहसील कार्यकारिणी सदस्य 
३. यदि इसके बावजूद संपर्क करने वाले निम्न अध्यापकों से संपर्क करें 
* श्री. अनंत यादव : 9561926731 /9370083171 
*  श्री. मच्छिंद्र भिसे : 9730491952 / 9545840063 


सातारा जिला हिंदी अध्यापक मंडल की गतिविधियाँ

सभी हिंदी अध्यापक भाई-बहनों की जानकारी हेतु प्रेषित, 
            सातारा जिला हिंदी अध्यापक मंडल, आज किसी पाठशाला तथा अध्यापकों के लिए अनजान नहीं हैं। हिंदी भाषा एवं विषय से संबंधित विभिन्न गतिविधियाँ मंडल के द्वारा सफलतापूर्वक चलाई जा रही हैं। जिसमें सातारा जिला हिंदी अध्यापक मंडल एवं ग्यारह तहसीलों की कार्यकारिणी के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष, सहायक सदस्य तथा समस्त सातारा जिले के हिंदी प्रेमी, अध्यापक-अध्यापिकाओं का सराहनीय योगदान निरंतर मिल रहा है। हिंदी प्रेमी एवं अध्यापक होने के नाते आप सभी के कार्य के प्रति विनीत होकर अभिनंदन करता हूँ। 
             आज महाराष्ट्र में हिंदी तथा हिंदी विषय को लेकर अनुचित सोच पनप रही है परंतु मंडल के द्वारा समय-समय उचित कदम उठाए जाने की वजह से आज अपनी हिंदी सलामत है। परंतु खतरा टला नहीं हैं। यदि हमारे ऊपर किसी प्रकार की आफत न आए, ऐसा चाहने वाले सभी हिंदी अध्यापक भाई-बहनों को अपनी हिंदी तथा अपनी रोजी रोटी के लिए हिंदी का अपनी पाठशाला तथा शैक्षिक स्थानों पर प्रचार-प्रसार करके बढ़ावा देना होगा। यह काम हिंदी अध्यापक एवं उनके छात्र ही कर सकते हैं। छात्रों के मन में हिंदी के प्रति प्रेम, अस्मिता, अपनत्व आदि भाव जगाने की जिम्मेदारी हम-आप जैसे हिंदी अध्यापकों की हैं। आपकी हर प्रकार की सहायता के लिए सातारा जिला हिंदी अध्यापक मंडल हर पल आपके साथ हैं। 
           सभी अध्यापक भाई-बहनों से निवेदन हैं कि अपनी पाठशाला में हिंदी की गतिविधियों में अपने मंडल की गतिविधियों को स्थान देकर हिंदी की पवित्र ज्ञानगंगा अपने विद्यार्थियों तक पहुँचाएँ। इसके लिए मंडल से जुड़े किसी भी सदस्य अथवा अपने तहसील कार्यकारिणी के सदस्यों से संपर्क करें। मंडल के साथ जुड़े रहकर हिंदी विषय संबंधित पारंपरिक जानकारी से लेकर पुनर्रचित जानकारी का लाभ उठाएँ तथा छात्रों को लाभान्वित करें। मंडल के द्वारा चलाई जाने वाली गतिविधियाँ निम्नलिखित हैं -
१. हिंदी अध्यापक एवं विद्यार्थी सम्मान समारोह
२. शिक्षक मार्गदर्शन तथा समुपदेशन कार्यशाला   
३ . महादेवी वर्मा वाचनालय : नाममात्र वार्षिक शुल्क 
४. छात्रों की विभागीय  (तहसीलों के गुट) हिंदी प्रतियोगिताएँ - प्रति वर्ष सितंबर माह में - लगभग १० प्रतियोगिताएँ
५. छात्रों की जिलास्तरीय हिंदी प्रतियोगिताएँ 
६. अध्यापकों की जिला एवं राज्यस्तरीय प्रतियोगिताएँ 
७. महामंडल छात्रों की राज्यस्तरीय हिंदी प्रतियोगिताएँ - लगभग ७ प्रतियोगिताएँ 
८. हिंदी महामंडल द्वारा प्रकाशित 'हिंदी अध्यापक मित्र' त्रैमासिक पत्रिका का संपादन एवं वितरण कार्य 
९. पुनर्रचित पाठ्यक्रम पर आधारित शिक्षक हस्तपुस्तिका 
१०. हिंदी साहित्यिक एवं पाठ्यपुस्तक संदर्भ किताबों को उपलब्ध करना एवं वितरण करना - आदि 
उपर्युक्त गतिविधियों के अतिरिक्त अध्यापक एवं विद्यार्थियों की आवश्यकता नुसार अन्य कार्यक्रम एवं गतिविधियों को चलाया जा रहा हैं। 
आप सभी से विनीत निवेदन हैं कि सभी सातारा जिले की पाठशालाएँ एवं हिंदी अध्यापक सातारा जिला मंडल की सदस्यता लेकर सहयोग देने की कृपा करें ताकि भविष्य में भी आपके तथा विद्यार्थियों की सेवा के लिए कार्य करने की ऊर्जा मिलती रहे। 
सभी से सहयोग की अपेक्षा के साथ -
आपका 
मच्छिंद्र भिसे 
सदस्य, सातारा जिला हिंदी अध्यापक मंडल, सातारा
(९७३०४९१९५२ / ९५४५८४००६३)

सातारा जिला हिंदी अध्यापक मंडल सातारा,
संपर्क साधन -
श्री. ता.का. सूर्यवंशी (अध्यक्ष) -  09423032145

कार्यालयीन संपर्क 
१. श्री. नवनाथ शिंदे (व्यवस्थापक) - 08275369759  / 09834906238 
२. श्री. महेश शितप (सहव्यवस्थापक) -  08806505990 

Saturday, 23 June 2018

राजकुमार जैन 'राजन' जी को जनम दिवस की मंगलमय बधाईयाँ !!!!

२४ जून १९६९ 
आपका जन्मदिवस

आदरणीय भाई राजन जी,
आपको जनम दिवस की ढेरों बधाईयाँ  !!!

                                            ईश्वर आपकी अभिलाषाओं को लंबी उम्र प्रदान करें। वह पूरी करने हेतु आरोग्य, क्रयशक्ति, परिवार का बल, स्वयं की आत्मशक्ति को निरंतर ईश्वरीय दीप की तरह प्रज्वलित करता रहें ।
                                      आपकी मंगल कामनाओं के साथ -





सहपरिवार आपका अनुज एवं सखा,
मच्छिंद्र भिसे 
सातारा (महाराष्ट्र)

आदरणीय बड़े भाई,
      आज के दिन आपके पास होता तो बहुत अच्छा होता। समय की इच्छा के कारण दूर ही सही लेकिन आप मेरे दिल के करीब हो। आपके इंजिन के साथ का वह आखरी डिब्बा हूँ जो मध्य के डिब्बे भले ही बदले पर पूँछ का डिब्बा हूँ मैं, आखिर तक साथ देने का वादा करता हूँ। आपको भेंट हेतु मेरी स्वरचित शब्दश्रृंखला आपके लिए मंगलकामना करते हुए भेज रहा हूँ स्वीकार हो। 

राजसी 'राजन'

कई मुकाम हासिल किए आपने,
झुककर सलाम करे आज ये गगन,
‘एक था गुणीराम’ लिए ‘नेक हंस’,
आज वही हैं हमारे राजकुमार जैन ‘राजन’।

‘लाख टके की बात’ कहूँ,
या ‘झनकू का गाना’ मैं गाउँ,
‘पशु-पक्षियों के गीत’ गाएँ हैं चमन,
ऐसे है ‘आदर्श मित्र’ प्यारे ‘राजन’।

‘बच्चों की सरकार’ है बनाई,
साहित्य दान की मिठाईयाँ खिलाई,
‘मन के जीते जीत है’देते सिखावन,
औरों की ख़ुशी में ख़ुशी पाते हैं ‘राजन’।

‘बस्ते का बोझ’ हुआ भारी ,
सुख का ‘रोबोट दिला दो राम’,
‘प्यारी छुट्टी जिंदाबाद’पाई,
अब बच्चों के आ गई जो काम।

‘राजन’ जी का जीवन है,
एक प्यारी ‘चिड़िया की सीख’,
‘ख़ुशी रा आँसू’ से भीगे हैं मन,
जिए साहित्य में जिए मनचाहा ‘राजन’।

‘इसी का नाम जिंदगी’ ये कहे,
बालसाहित्य संजीवनी बन जीवन को गहे,
‘खोजना होगा अमृत कलश’ इनके स्पंदन का,
दिल के दरियादिल और नटखट है ‘राजन’।

जन्मदिन मुबारक हो भाई ‘राजन’,
क्या दूँ ‘सबसे अच्छा उपहार’,
यहीं भेंट स्वीकार हो सहपरिवार,
‘जन्मदिन का उपहार’ यही हो स्वीकार।

‘साहित्य समीर दस्तक', ने दी
जब भी दस्तक मेरे दिल पर गहन,
एक ही आवाज आती रही है, 
सदा सुखी भव आदरणीय बड़े भाई ‘राजन’।
-०-
स्वरचित 
श्री. मच्छिंद्र बापू भिसे 

>>>>>>>>>>>><<<<<<<<<<<<


अध्यापक 
ग्राम भिरडाचीवाडी, पो.भुईंज, तह.वाई,
जिला-सातारा ४१५ ५१५ (महाराष्ट्र)
चलित : ९७३०४९१९५२ / ९५४५८४००६३

Monday, 4 June 2018

'ग़ज़ल' माणिक वर्मा भावार्थ

हिंदी लोकभारती - कक्षा १० वीं  
इकाई १ - पद्य ८ ग़ज़ल : माणिक वर्मा 

सभी अध्यापक भाई बहनों, 
सादर नमन !
          दसवीं कक्षा के पाठ्यपुस्तक में नई विधाओं का शामिल किया जाना, विद्यार्थियों एवं अध्यापकों की ज्ञानवृद्धि के लिए बहुत ही प्रशंसनीय बात है। इस साल पद्य विभाग में 'ग़ज़ल' विधा को शामिल किया है। वैसे तो ग़ज़लें हम सुनते - पढ़ते आए हैं। अब समय है ग़ज़ल को सूक्ष्मता से अध्ययन करना। तो चलिए ग़ज़ल विधा को समझते हुए अपनी किताब में शामिल माणिक वर्मा जी की 'गजल' को भी समझने की कोशिश करते हैं। 

ग़ज़ल विधा :
           ग़ज़ल अरबी साहित्य की प्रसिद्ध काव्य विधा है जो बाद में फ़ारसी, उर्दू, और हिंदी साहित्य में भी बेहद लोकप्रिय हुई। संगीत के क्षेत्र में इस विधा को गाने के लिए ईरानी और भारतीय संगीत के मिश्रण से अलग शैली निर्मित हुई। एक समान रदीफ़ (समांत) तथा भिन्न भिन्न क़वाफ़ी (तुकांत) से सुसज्जित एक ही वज़्न (मात्रा क्रम) अथवा बह'र (छंद) में लिखे गए अश'आर (शे'र का बहुवचन) समूह को ग़ज़ल कहते हैं जिसमें शायर किसी चिंतन, विचार अथवा भावना को प्रकट करता है।
ग़ज़ल की विशेषताएँ :
          ग़ज़ल एक ही बह'र और वज़्न के अनुसार लिखे गए शेरों का समूह है। इसके पहले शे'र को मतला कहते हैं। जिस शे'र में शायर अपना नाम रखता है उसे मक़्ता कहते हैं। ग़ज़ल के सबसे अच्छे शे'र को शाहे वैत कहा जाता है। एक ग़ज़ल में 5 से लेकर 25 तक शे'र हो सकते हैं। ये शे'र एक दूसरे से स्वतंत्र होते हैं। किंतु कभी-कभी एक से अधिक शे'र मिलकर अर्थ देते हैं। ऐसे शे'र कता बंद कहलाते हैं। ग़ज़लों के ऐसे संग्रह को 'दीवान' कहते हैं जिसमें हर हर्फ से कम से कम एक ग़ज़ल अवश्य हो। शे'र की हर पंक्ति को मिसरा कहते हैं। ग़ज़ल की ख़ास बात यह हैं कि उसका प्रत्येक शे'र अपने आप में एक संपूर्ण कविता होता हैं और उसका संबंध ग़ज़ल में आने वाले अगले पिछले अथवा अन्य शेरों से हो, यह ज़रूरी नहीं हैं। इसका अर्थ यह हुआ कि किसी ग़ज़ल में अगर 25 शे'र हों तो यह कहना ग़लत न होगा कि उसमें 25 स्वतंत्र कविताएं हैं। शे'र के पहले मिसरे को ‘मिसर-ए-ऊला’ और दूसरे को ‘मिसर-ए-सानी’ कहते हैं।
प्रसिद्ध ग़ज़लकार- मिर्ज़ा ग़ालिब, मीर तकी मीर, फ़िराक़ गोरखपुरी आदि। 
प्रसिद्ध ग़ज़ल गायक - जगजीत सिंह, मेहदी हसन, ग़ुलाम अली आदि।

**************
रचनाकार   परिचय :
नाम : माणिक वर्मा 
जन्म : 25 दिसंबर,1938 को उज्जैन (म.प्र.) में ।
शिक्षा : एम.ए. (हिंदी), उर्दू से अदीबो-माहिर, अदीबो-कामिल।
प्रकाशन : ‘आदमी और बिजली का खंभा’, ‘महाभारत अभी जारी है’, ‘मुल्क के मालिको, जवाब दो’ (व्यंग्य संग्रह), ‘आखिरी पत्ता’ (गजल संग्रह)।
भारत की सभी लब्धप्रतिष्‍ठ पत्रिकाओं में नियमित रचनाएँ प्रकाशित। आकाशवाणी व दूरदर्शन पर अनेक बार कविताएँ प्रसारित। कवि सम्मेलनों में कविता पाठ। वीडियो एवं ऑडियो कैसेट्स द्वारा प्रचार।
सम्मान-पुरस्कार : ‘काका हाथरसी पुरस्कार’, ‘अट्टहास शिखर सम्मान’, ‘ठिठोली पुरस्कार’, ‘कलाश्री पुरस्कार’, ‘उपासना पुरस्कार’, ‘टेपा पुरस्कार’ एवं ‘कला आचार्य सम्मान’ आदि से अभिनंदित।
विदेश यात्रा : अमेरिका, चीन, बैंकॉक, हांगकांग, सिंगापुर, मॉरिशस, नेपाल, मस्कट आदि।

ग़ज़ल : माणिक वर्मा

भावार्थ

संदर्भ  रचना 
माणिक वर्मा जी  की  एक  अन्य ग़ज़ल  
प्यार  नाम  का  बूढ़ा  व्यक्ति 
आँसू भीगी मुस्कानों से हर चेहरे को तकता है,
प्यार नाम का बूढ़ा व्यक्ति जाने क्या-क्या बकता है।

अंजुरी भर यादों के जुगनूँ, गठरी भर सपनों का बोझ,
साँसों भर इक नाम किसी का पहरों-पहरों रटता है।

ढाई आखर का यह बौना, भीतर से सोना ही सोना,
बाहर से इतना साधारण, हम-तुम जैसा लगता है।

रिश्तों की किश्तें मत भरना, इससे मन का मोल न करना,
ये ऐसा सौदागर है जो ख़ुद लुट कर भी ठगता है।

कितनी ऊँची है नीचाई इस भोले सौदाई की,
आसमान होकर, धरती पर पाँव पाँव ये चलता है।

ग़ज़लकार :  माणिक वर्मा

लेखन एवं संकलन 

Sunday, 13 May 2018

भावार्थ: मन - विकास परिहार-१० वीं कक्षा हिंदी लोकभारती

१० वीं कक्षा हिंदी लोकभारती 
मन 
(हाइकु) 
विकास परिहार 
प्रस्तुत आलेख संपादन एवं हाइकु 'मन' का भावार्थ 
श्री. मच्छिंद्र भिसे 
हाइकु विधा का परिचय 
          हिंदी साहित्य की अनेकानेक विधाओं में 'हाइकु' नवीनतम विधा है। हाइकु मूलत: जापानी साहित्य की प्रमुख विधा है। आज हिंदी साहित्य में हाइकु की भरपूर चर्चा हो रही है। हिंदी में हाइकु खूब लिखे जा रहे हैं और अनेक पत्र-पत्रिकाएँ इनका प्रकाशन कर रहे हैं। निरंतर हाइकु संग्रह प्रकाशित हो रहे हैं। यदि यह कहा जाए कि वर्तमान की सबसे चर्चित विधा के रूप में हाइकु स्थान लेता जा रहा है तो अत्युक्ति न होगी। 
हाइकु को काव्य-विधा के रूप में प्रतिष्ठा प्रदान की मात्सुओ बाशो (१६४४-१६९४) ने। बाशो के हाथों सँवरकर हाइकु १७वीं शताब्दी में जीवन के दर्शन से अनुप्राणित होकर जापानी कविता की युग-धारा के रूप में प्रस्फुटित हुआ। आज हाइकु जापानी साहित्य की सीमाओं को लाँघकर विश्व-साहित्य की निधि बन चुका है। 
        हाइकु अनुभूति के चरम क्षण की कविता है। सौंदर्यानुभूति अथवा भावानुभूति के चरम क्षण की अवस्था में विचार, चिंतन और निष्कर्ष आदि प्रक्रियाओं का भेद मिट जाता है। यह अनुभूत क्षण प्रत्येक कला के लिए अनिवार्य है। अनुभूति का यह चरम क्षण प्रत्येक हाइकु कवि का लक्ष्य होता है। इस क्षण की जो अनुगूँज हमारी चेतना में उभरती है, उसे जिसने शब्दों में उतार दिया, वह एक सफल हाइकु की रचना में समर्थ हुआ। बाशो ने कहा है, "जिसने जीवन में तीन से पाँच हाइकु रच डाले, वह हाइकु कवि है। जिसने दस हाइकु की रचना कर डाली, वह महाकवि है।" 
         हाइकु सत्रह (१७) अक्षर में लिखी जाने वाली सबसे छोटी कविता है। इसमें तीन पंक्तियाँ रहती हैं। प्रथम पंक्ति में ५ अक्षर, दूसरी में ७ और तीसरी में ५ अक्षर रहते हैं। संयुक्त अक्षर को एक अक्षर गिना जाता है, जैसे 'सुगन्ध' में तीन अक्षर हैं - सु-१, ग-१, न्ध-१) तीनों वाक्य अलग-अलग होने चाहिए। अर्थात एक ही वाक्य को ५,७,५ के क्रम में तोड़कर नहीं लिखना है। बल्कि तीन पूर्ण पंक्तियाँ हों। 
        अनेक हाइकुकार एक ही वाक्य को ५-७-५ वर्ण क्रम में तोड़कर कुछ भी लिख देते हैं और उसे हाइकु कहने लगते हैं। यह सरासर ग़लत है, और हाइकु के नाम पर स्वयं को छलावे में रखना मात्र है। अनेक पत्रिकाएँ ऐसे हाइकुओं को प्रकाशित कर रही हैं। यह इसलिए कि इन पत्रिकाओं के संपादकों को हाइकु की समझ न होने के कारण ऐसा हो रहा है। इससे हाइकु कविता को तो हानि हो ही रही है साथ ही जो अच्छे हाइकु लिख सकते हैं, वे भी काफ़ी समय तक भ्रमित होते रहते हैं। 
        हाइकु कविता में ५-७-५ का अनुशासन तो रखना ही है, क्योंकि यह नियम शिथिल कर देने से छंद की दृष्टि से अराजकता की स्थिति आ जाएगी। कोई कुछ भी लिखेगा और उसे हाइकु कहने लगेगा। वैसे भी हिंदी में इतने छंद प्रचलित हैं, यदि ५-७-५ में नहीं लिख सकते तो फिर मुक्त छंद में अपनी बात कहिए, क्षणिका के रूप में कहिए उसे 'हाइकु' ही क्यों कहना चाहते हैं? अर्थात हिंदी हाइकु में ५-७-५ वर्ण का पालन होता रहना चाहिए यही हाइकु के हित में हैं। 
         अब ५-७-५ वर्ण के अनुशासन का पूरी तरह से पालन किया और कर रहे हैं, परंतु मात्र ५-७-५ वर्णों में कुछ भी ऊल-जलूल कह देने को क्या हाइकु कहा जा सकता है? साहित्य की थोड़ी-सी भी समझ रखने वाला यह जानता है कि किसी भी विधा में लिखी गई कविता की पहली और अनिवार्य शर्त उसमें 'कविता' का होना है। यदि उसमें से कविता ग़ायब है और छंद पूरी तरह से सुरक्षित है तो भला वह छंद किस काम का। 
 
मन 
(हाइकु पद्य)
रचना : विकास परिहार 
भावार्थ लेखन : श्री. मच्छिंद्र भिसे 

लेखक परिचय 
         जन्म- ४ अगस्त १९८३ को मध्य प्रदेश के गुना जिले के राघोगढ़ कस्बे में जन्म। सन २००० से सन २००६ तक भारतीय वायु सेना को अपनी सेवाएँ दीं। फिर पत्रकारिता की समर भूमि मे उतरने के बाद रेडियो से जुड़े। साथ ही साथ साहित्य मे विशेष रुचि है और नाट्य गतिविधियों से भी जुड़े हुए हैं। शिक्षा- माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविध्यालय भोपाल से पत्रकारिता विषय में स्नातक।
पद्य प्रस्ताविक 
          कक्षा १० वीं लोकभारती पाठ्यपुस्तक में आयी नई साहित्य विधा 'हाइकु' का सभी ने स्वागत किया है। उपर्युक्त विवेचन से आप सभी को हाइकु विधा का परिचय और इसके लेखन संबंधी की सभी समस्याओं का समाधान हुआ ही होगा, इसमें कोई दो राय नहीं होगी। एक और बात कि विकास परिहार जी के हाइकु मुक्तशैली में रचे होने के कारन गेयता-काव्य छंद से परे है। परंतु भाव की दृष्टि से यह हाइकु बहुत बढ़िया ही है। 
          हाइकु एक ऐसी विधा हैं जिसमें भावों को अधिक महत्त्व देकर किसी एक बात को कम-से-कम शब्दों में व्यक्त करने की कला है। कवी ने अपने भाव एवं विचारों को व्यक्त करने की सफल कोशिश की है। 'मन' इस शीर्षक में हाइकुकार विकास परिहार जी ने जीवन के कई जीवन मूल्य, आदर्श, प्रकृति वैभव, जीवनानुभव, यथार्थता को व्यक्त करने की कोशिश की है। जो हमें अपने जीवनानुभव के साथ जोड़ने के लिए एवं सोचने के लिए बाध्य करते है। प्रकृति एवं सामाजिक घटकों के माध्यम से प्रकृति वर्णन के साथ व्यक्तित्व विकास के लिए प्रेरित करनेवाली यह कृति है। 

'मन' हाइकु के भावार्थ
१.
घना अँधेरा,
चमकता प्रकाश, 
और अधिक।  
      जिस तरह शाम ढलते ही निशा अँधेरे से घिर जाती है और अंधकार का अधिराज्य निर्माण होता है। ऐसे वक्त कभी-कभी एखाद दीप या जुगनू चमककर अँधेरे को छेद देने की कोशिश करता है तब वह अंधकार में सामान्य से और भी अधिक चमकता है। उसी प्रकार हर मनुष्य के जीवन में अनगिनत अंधकार (विपत्तियाँ) होता है, परंतु जो मनुष्य इस अधंकार को छेद देने की ताकद रखता है वह मनुष्य प्राणी जीवन के अंधकार में भी और चमकेगा तथा श्रेष्ठत्व प्राप्त करेगा। बस उसमें निडरता और हौसला चाहिए। 
२.
करते जाओ,
पाने की मत सोचो, 
जीवन सारा। 
      संस्कृत के 'कर्मण्ये वाधिकारस्ते मा फलेषु कदाचनं' इस सुवचन के अनुसार ही परिहार जी ने जीवन का सही सार बताने की कोशिश की है। हमें अपने जीवन में कर्मरत रहकर क्रिया-कलाप करते रहना चाहिए।  फल कभी-न-कभी मिल ही जाएगा। यदि फल के बारे में सोचते रहे तो कर्म और जीवन का आनंद गवाँ बैठेंगे। तो बस काम करते जाओ, फल तो अपने - आप मिल जाएगा। किसी ने सही कहा है - 'काम करेंगे-काम करेंगे, जग में हम कुछ नाम करेंगे।'
३.
जीवन नैया,
मँझधार में डोले,
संभाले कौन। 
        माना कि यह दुनिया असीम समुंदर है तो  हर मनुष्य प्राणी का जीवन उस समुंदर में चल पड़ी नैया (नाव) है। जब अपना जीवन-यापन करते हैं तो संसार में अनगिनत बाधाएँ समुंदर के तूफान की भाँति आएगी और कमजोर नाव को जिस तरह निगल  जाता है उसी तरह तुम्हारे जीवन को भी निगल जाएगा। अर्थात मनुष्य का जीवन समाप्त होगा।  अब हर एक को समझना चाहिए कि दुनिया में अपने जीवन की बागडौर खुद को ही संभालनी होगी। अपनी जिंदगी में कितने ही तूफान क्यों न आए, अपनी नैया किनारे (मोक्ष अथवा सफलता के) पार लगानी ही होगी। यहाँ कोई आपकी मदद करनेवाला नहीं होगा ? हाइकुकार ने वही सवाल पूछा है - तुम्हारी जीवन नैया कौन संभालेगा ?
४.
रंग-बिरंगे,
रंग-संग लेकर,
आया फागुन। 
        इस हाइकु में प्रकृति के बदलाव का वर्णन करते हुए फागुन माह के दिन कुदरत में बिखरे रंगों की ओर निर्देशित करते हुए फागुन माह का विशेष महत्त्व, फूलों को लेकर प्रतिपादित किया है। (टिपण्णी-अध्यापक विस्तारित रूप से फागुन की जानकारी से छात्रों को अवगत कराए। )
५.
काँटों के बीच,
खिलखिलाता फूल,
देता प्रेरणा। 
      प्रस्तुत हाइकु में जीवन में संघर्ष एवं समस्याओं का महत्त्व प्रतिपादित करते हैं । जैसे गुलाब का फूल काँटों में भी रहकर खिलता है तो अधिक सुंदर तो लगता है साथ ही अपनी सुगंध चारों ओर फैलाता भी है। इसी तरह को मनुष्य को अपने जीवन में आयीं बाधाओं (काटों) को सहजता से स्वीकार कर आगे बढ़ना चाहिए। तभी हम अपने जीवन को सुंदर और कार्य से सुगंधित कर सकते है, जो आगे जाकर किसी के लिए प्रेरणादायी बन जाएगा। जैसे - 'रुकनेवाला पानी सड़ता, रुकनेवाला पहिया डाटा, रुकनेवाली कलम न चलती और विशेष बात-रुकनेवाली घड़ी न चलती।' समस्याओं को पहचानकर सामना करें। 
६.
भीतरी कुंठा,
आँखों के द्वार से,
आई बाहर। 
       कहा जाता है कि मनुष्य नहीं उसकी आँखें और चेहरा बोलता है। जब मनुष्य खुश होता है तो चेहरे पर अनोखी चमक दिखाई देती है उसी तरह मनुष्य के जीवन की निराशा जन्य अतृप्ति की भावनाएँ (कुंठा) उसके चेहरे पर एवं आँखों में उतरती है। उस मनुष्य का जीवन कितनी निराशा से भरा है, इसका पता चलता है। ऐसे वक्त उन्हें प्रेरित कर जीवन की आदर्शता से अवगत करे। महत्वपूर्ण बात यह है कि हर एक को मनुष्य के चेहरे तथा आँखे पढ़नी आनी चाहिए। 
७.
खारे जल से,
धूल गए विषाद,
मन पावन। 
     जो मनुष्य गलती करता है, उसे तो चोट पहुँचनी ही है। धरती के सभी मनुष्यों का स्वभाव एक जैसा नहीं होता। जो समझदार, अपने जीवन के प्रति आस्था, कर्म के प्रति निष्ठा रखनेवाले अच्छे काम करते रहते हैं परंतु भूल से या नासमझी से गलती हो जाती है और मन में असंतोष एवं रिश्तों में दूरता आ जाती है। परंतु अपनी भलाई चाहनेवाले (अभिभावक, गुरुजन) आपको कड़वी बातें (खारा जल) जो हमारे हित में होती है, वे करते हैं। जब सही और गलत का फर्क हमारी समझ में आ जाता हैं तो मन के सारे दुःख (विषाद, निराशा) दूर हो जाते हैं और हमारा मन, सोच एवं व्यवहार में पवित्रता आ जाती है। हम सभी को याद रखना होगा कि अपनी भलाई के लिए की कड़वी बातें हमेशा मीठी होती हैं। 
८.
मृत्यु को जीना,
जीवन विष पीना,
है जिजीविषा। 
       मनुष्य को इस बात को समझना होगा कि जीवन जहर (अनगिनत बाधाओं एवं समस्याओं) से भरा है और इस जहर को पीकर उसे अमृत में परावर्तित कर जीवन को बेहतर बनाना ही जिंदगी है और बेहतर बनाएँगे।  यह जीने का मकसद और आकांक्षा होनी चाहिए। मृत्यु जिस प्रकार अंतिम सत्य कहा जाता है तो इसे ही जिंदगी बनाकर जीने का जज्बा रखना होगा। तभी जीवन सफल हो जाएगा। 
९.
मन की पीड़ा,
छाई बन बादल,
बरसी आँखें। 
      मनुष्य स्वभाव की विशेषताएँ बताते हुए इस हाइकू में कहा है कि मनुष्य का मन / सोच जब भी वेदना, कठिनाई (पीड़ा) आदि महसूस करती है तो स्वाभाविक उसकी आँखों से पानी (आँसू ) बरसता है। हमें मनुष्य के दुःख से दुखी और सुख से सुखी होना चाहिए। परंतु हमें दूसरों के दुःख दूर करने की कोशिश हरहाल करनी चाहिए। (टिपण्णी- इसी कविता की हाइकु क्रमांक ६ के समान ही इसके भाव प्रकट होते हैं।)
१०.
चलती साथ,
पटरियाँ रेल की,
फिर भी मौन। 
         मनुष्य जीवन में सुख और दुःख रेल की पटरी की तरह होते हैं। रेल की पटरिया साथ में चलती है परंतु कभी एक नहीं होती। और जहाँ होती है वहाँ रेल नहीं होती। उसी तरह मनुष्य के जीवन सुख-दुःख बराबर साथ-साथ चलते है पर एक नहीं होते और जहाँ होते हैं वहाँ उसके अस्तित्व पर आशंका उपस्थित की जाती है। जैसे नदी के दो तीर। कभी एक नहीं होते जब पानी सुख जाता है तो उसके दो तीर रहते ही नहीं और उसे नदी को नदी नहीं कहा जाएगा। नाम की नदी रहेगी पर उसके अस्तित्व पर आशंका उठती है। मनुष्य को सुख-दुःख को समान रूप में जानकर स्वीकार करें और जीवन जिए। 
११.
सितारे छिपे,
बादलों की ओट में,
सुना आकाश। 
         अपने जीवन की खुशियों को अनोखे ढंग से व्यक्त करने की सफल कोशिश इस हाइकु में की है। आसमान (जीवन), सितारे (सुख / खुशियाँ) और बादल (परदा / बाधा) के रूपकों में जीवन की अहम बात बताने की कोशिश की है।  परिहार जी कहते है कि जीवन रूपी आकाश पर जब खुशियों के तारे चमकते है तो जीवन आनंद अवर्णनीय होता है परंतु हर सुख क्षणिक होता है उसके ऊपर दुःख के बादल छा जाते हैं तो जीवन निराशा से घिरकर सुना आकाश की भाँति बन जाता है। जिसके चलते मन उद्विग्न हो उठता है। हमें कोशिश करनी होगी की दुःख का पर्दा (ओट) हमेशा के लिए हट जाए। 
१२. 
तुमने दिए,
जिन गीतों को स्वर,
हुए अमर। 
          अपने जीवन में अपने परिजन, हितचिंतक, स्नेही एवं अन्य प्रिय व्यक्तियों का होना अत्यंत आवश्यक होता है। इनके बगैर कोई भी मनुष्य अपना जीवन सफलतापूर्वक नहीं जी सकता। उन्हीं की सहायता से हम अपने जीवन को एक संबल प्रदान करते है। ऐसे लोगो के प्रति हमारे मन में कृतज्ञता के भाव होने चाहिए और उन्हें भूलना भी नहीं चाहिए। उन्हीं लोगों के साथ बीती-बिताई बातें, जीवन संघर्ष अपने जीवन के अमर गीत बन जाते है। इस हाइकु में अच्छे लोगो के साथ को अपने जीवन के गीतों के स्वर कहा गया है। 
१३.
सागर में भी,
रहकर मछली,
प्यासी ही रही। 
     प्रस्तुत हाइकु के माध्यम से हाइकुकार जीवन की उच्च बात को रखते है। वे कहते है कि पानी में रहनेवाली 'मछली' जिसका जीवन पानी है, वह समुंदर में रहती तो है परंतु खारा पानी पी नहीं सकती। उसे मीठे पानी की तलाश में समुंदर की गहराई तक जाना होगा। उसी तरह मनुष्य का जीवन उस खारे समुंदर की तरह होता है। सुख तो है परंतु पा नहीं सकते, उसे ढूंढने के लिए दुःख की गहराई तक जाना होगा अन्यथा सुख के लिए प्यासे ही रहोगे। उसी तरह मनुष्य की तृष्णा (आकांक्षाएँ) कभी मिटती नहीं। सोच-समझकर जिंदगी के खारे समुंदर में जीना सीखना होगा। 
>>>>>>>>>>>>>>>>
लेखन एवं प्रस्तुति
<<<<<<<<<<<<<<<<
श्री. मच्छिंद्र बापू भिसे 
अध्यापक 
सदस्य, सातारा जिला हिंदी अध्यापक मंडल, सातारा।  
ग्राम भिरडाचीवाडी, पो.भुईंज, तह.वाई,
जिला-सातारा ४१५ ५१५ (महाराष्ट्र)
चलित : ९७३०४९१९५२ / ९५४५८४००६३
hinditeacherssatara.blogspot.in 
>>>>>>><<<<<<<<